सिरसा , जुलाई 30 -- हरियाणा के सिरसा में ब्रिटेन भेजने के नाम पर 26 लाख की ठगी मामले में इमीग्रेशन फ्रॉड गिरोह के मुख्य आरोपी अमनदीप सिंह को दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) दीपक सहारन ने बताया कि आर्थिक अपराध शाखा की टीम ने ब्रिटेन भेजने के नाम पर 26 लाख 19 हजार 200 रुपये की धोखाधड़ी के मामले में मुख्य आरोपी अमनदीप सिंह को दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया है।पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी था । वह लंदन से भारत लौटते ही इमीग्रेशन जांच के दौरान पुलिस के हाथ लग गया। उन्होंने बताया कि ऐलनाबाद क्षेत्र के गांव मौजू की ढाणी निवासी विनोद कुमार ने शिकायत दी थी कि वह अपने परिवार सहित ब्रिटेन जाना चाहता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात सुखेराखेड़ा निवासी राजन से हुई। राजन ने अपने भाई अमनदीप और सचिन के ब्रिटेन में होने का हवाला देकर पूरे परिवार को वर्क परमिट वीजा पर विदेश भेजने का भरोसा दिलाया और इसके लिए 32 लाख रुपये की मांग की। आरोप है कि गिरोह ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर जल्द वीजा लगवाने का झांसा दिया और अलग-अलग किश्तों में 26 लाख 19 हजार 200 रुपये ऐंठ लिए।

पीड़ित ने पांच लाख रुपये चेक के माध्यम से तथा शेष राशि अन्य किश्तों में अमनदीप और उसके परिजनों को दी। इसके बाद आरोपी लगातार वीजा जल्द लगने का झूठा आश्वासन देते रहे। जब पीड़ित ने बार-बार जानकारी मांगी तो हर बार नया बहाना बनाया गया। बाद में आरोपियों ने नौ लाख रुपये और देने की मांग की, जिससे पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने बताया कि पीड़ित व्यक्ति की शिकायत के आधार पर तीन सितंबर 2025 को थाना ऐलनाबाद में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच आर्थिक अपराध शाखा को सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी विदेश से भारत लौट रहा है। इसके बाद एयरपोर्ट पर पहले से जारी एलओसी के आधार पर उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को अदालत में पेश कर पांच दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित