दार्जिलिंग , नवंबर 04 -- ब्रिटेन के डंकन क्रुटेंडेन और अमेरिका की एनी विलियम्स ने हिमालयन 100 माइल स्टेज रेस में क्रमश: पुरुष और महिला वर्ग के खिताब जीते।

यहां 29 अक्टूबर से 02 नवम्बर तक आयोजित हिमालयन 100 माइल स्टेज रेस के 35वें संस्करण में अमेरिका, ब्रिटेन, चिली, मेक्सिको, यूक्रेन, भारत सहित अनेक देशों के साहसिक धावकों ने भाग लिया। विश्व के सबसे पुराने एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित साहसिक खेल आयोजनों में से एक हिमालयन रन एंड ट्रेक इंटरनेशनल एनुअल इवेंट्स (हिमालयन 100 माइल स्टेज रेस) का सफलतापूर्वक समापन दार्जिलिंग हिमालय में हुआ।

माउंट एवरेस्ट एवं कंचनजंघा की भव्य पर्वतमालाओं की छाया में आयोजित इस प्रतियोगिता का रेस मार्ग दार्जिलिंग हिमालय के मनोहारी पर्वतीय परिदृश्यों, विश्वप्रसिद्ध चाय बागानों, घने वनों, दूरस्थ ग्रामीण बस्तियों तथा दुर्गम हिमालयी क्षेत्रों से होकर गुजरा। प्रतिभागियों को शारीरिक चुनौती, प्राकृतिक सौंदर्य और स्थानीय संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। वर्षों से यह प्रतियोगिता विश्व की सबसे सुंदर, चुनौतीपूर्ण, दर्शनीय एवं अभिनव स्टेज रेसों में गिनी जाती है।

हिमालयन 100 माइल स्टेज रेस - पुरुष वर्ग में ब्रिटेन के डंकन क्रुटेंडेन ने 24 घंटे 44 मिनट में प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान जूलियो डोसाल (चिली) ने 28 घंटे 44 मिनट के समय के साथ प्राप्त किया, जबकि तृतीय स्थान कर्नल मनदीप मान (भारत) ने 29 घंटे 10 मिनट के कुल समय के साथ हासिल किया।

हिमालयन 100 माइल स्टेज रेस - महिला वर्ग में अमेरिका की एनी विलियम्स ने 32 घंटे 20 मिनट यह रेस जीती। द्वितीय स्थान शारदा कुलकर्णी (भारत) ने 32 घंटे 50 मिनट के समय के साथ प्राप्त किया, जबकि तृतीय स्थान स्नूड फेमफोर्ट (यूके) ने 34 घंटे 58 मिनट के समय के साथ हासिल किया।

हिमालयन 100 किलोमीटर स्टेज रेस - पुरुष वर्ग में भारत के रमनजीत ओबेरॉय ने 17 घंटे 33 मिनट के समय के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान क्रिस्टियन सिवेवकिंग (चिली) ने 18 घंटे 40 मिनट के समय के साथ प्राप्त किया, जबकि तृतीय स्थान कर्नल के. थम्मैया उडुपा (भारत) ने 18 घंटे 59 मिनट के समय के साथ हासिल किया।

हिमालयन 100 किलोमीटर स्टेज रेस - महिला वर्ग में मेक्सिको की नाहिला हर्नांडेज ने 14 घंटे 48 मिनट के समय के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया।

द्वितीय स्थान मेत्ज़ेटली इटुबे (मेक्सिको) ने 15 घंटे 50 मिनट के समय के साथ प्राप्त किया, जबकि तृतीय स्थान कारोला क्रूज़ (चिली) ने 16 घंटे 36 मिनट के समय के साथ हासिल किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित