अमृतसर , अगस्त 18 -- श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने ब्रिटेन की रॉयल एयर फोर्स (आरएएफ) में फ्लाइट लेफ्टिनेंट का पद हासिल करने वाले साउथॉल निवासी पंजाबी मूल के सिख अर्शदीप सिंह और उनके माता-पिता जगदीप सिंह तथा गगनदीप कौर को बधाई दी है।
जत्थेदार गड़गज्ज ने मंगलवार को कहा कि लंबे अंतराल के बाद किसी सिख का ब्रिटेन की रॉयल एयर फोर्स में वरिष्ठ पद पर पहुंचना पूरे सिख समुदाय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद किसी सिख के आरएएफ में इस स्तर तक पहुंचने की उपलब्धि विशेष महत्व रखती है।
उन्होंने कहा कि यह और भी प्रसन्नता की बात है कि विदेश में रहते हुए फ्लाइट लेफ्टिनेंट अर्शदीप सिंह और उनका परिवार सिख परंपराओं तथा पंजाबी मातृभाषा से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी के सिद्धांतों-किरत करो, नाम जपो और वंड छको-का पालन करते हुए सिखों ने दुनिया के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण स्थान हासिल किए हैं। अर्शदीप सिंह की उपलब्धि ने पूरे सिख समुदाय को गौरवान्वित किया है।
जत्थेदार गडगज्ज ने सिख युवाओं से अर्शदीप सिंह की उपलब्धि से प्रेरणा लेने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और कड़ी मेहनत के माध्यम से जीवन में सफलता हासिल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि श्री गुरु अर्जन देव जी ने गुरबाणी के माध्यम से जीवन में हमेशा आगे बढ़ने की इच्छा रखने और इसके लिए निरंतर प्रयास करने की शिक्षा दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित