लंदन , मई 28 -- कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ ब्रिटेन (सीपीबी)ने गुरूवार को केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के तिरुवनंतपुरम स्थित आवास पर सरकारी एजेंसियों की छापेमारी की कड़े शब्दों में निंदा की है और इसे पूरी तरह राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया है।
पार्टी के महासचिव एलेक्स गार्डन और अंतरराष्ट्रीय सचिव केवन नेल्सन ने यहां सोशल मीडिया में एक बयान जारी करके यह बात कही। पार्टी ने दिल्ली मुख्यालय के बाहर श्री विजयन के समर्थन में शांतिपूर्ण सार्वजनिक प्रदर्शन करने वाले मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के कई शीर्ष नेताओं पर हुई कार्रवाई की भी कड़ी आलोचना की है।
पार्टी द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि दक्षिणपंथी और रूढ़िवादी सरकारों द्वारा प्रगतिशील और जन-समर्थक ताकतों के खिलाफ कानूनी प्रणालियों और पुलिस दमन को हथियार के रूप में इस्तेमाल करना अब एक अंतरराष्ट्रीय चलन बन चुका है। चेक गणराज्य, जॉर्डन और केन्या से लेकर अब दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत तक में यही दमनकारी रूप देखने को मिल रहा है।
कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ ब्रिटेन ने भारत के कम्युनिस्टों और अपनी सहयोगी पार्टी माकपा के प्रति पूर्ण एकजुटता व्यक्त की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित