लंदन , जुलाई 11 -- ब्रिटेन की पुलिस ने पूर्व सांसद ऐन विडकंब की मृत्यु के मामले में 26 वर्षीय एक व्यक्ति को हत्या के संदेह में गिरफ्तार किया है।

डेवोन और कॉर्नवाल पुलिस ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि 78 वर्षीय पूर्व सांसद विडकंब गुरुवार को डार्टमूर नेशनल पार्क के निकट हेटर स्थित उनके आवास पर गंभीर चोटों के साथ मृत पायी गयी थीं। इसके बाद एक 26 वर्षीय श्वेत ब्रिटिश नागरिक को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस मामले को आतंकवाद से जोड़कर नहीं देखा जा रहा है और अब तक ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है कि घटना के पीछे कोई राजनीतिक उद्देश्य था। पुलिस ने शुक्रवार को पहले बताया था कि सुश्री विडकंब की मौत के संबंध में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है, क्योंकि उनके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले थे।

ब्रिटेन की गृह मंत्री शबाना महमूद ने कहा कि सुश्री विडकंब की मृत्यु की परिस्थितियां बेहद दुखद और विचलित करने वाली हैं।संसद छोड़ने के बाद सुश्री विडकंब को 'स्ट्रिक्टली कम डांसिंग' और 'सेलिब्रिटी बिग ब्रदर' जैसे रियलिटी टेलीविजन कार्यक्रमों में भाग लेने से व्यापक पहचान मिली थी। बाद में वह ब्रेक्जिट पार्टी में शामिल हुईं और आव्रजन विरोधी रुख रखने वाली रिफॉर्म यूके पार्टी की प्रवक्ता भी रहीं।

वह वर्ष 1987 से 2010 तक हाउस ऑफ कॉमंस की सदस्य रहीं। उनके सामाजिक रूप से रूढ़िवादी विचारों के लिए भी वह जानी जाती थीं। पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने उन्हें 'ब्रेक्जिट की एक साहसी समर्थक और प्रभावशाली वक्ता' बताते हुए कहा कि वह कंजर्वेटिव पार्टी के कार्यकर्ताओं को अपने भाषणों से अत्यधिक प्रभावित कर देती थीं और उनके बाद बोलना आसान नहीं होता था।राजनीति से संन्यास लेने के बाद उनका प्रतिनिधित्व करने वाली प्रबंधन कंपनी क्लाउड9 मैनेजमेंट ने कहा कि उनका जीवन और सार्वजनिक करियर मजबूत ईसाई मूल्यों तथा जनसेवा के प्रति समर्पण से प्रेरित था।

कंपनी ने कहा कि उन्हें राजनीतिक बहस बेहद पसंद थी और संसद छोड़ने के 16 वर्ष बाद भी वह रिफॉर्म यूके के लिए सक्रिय रूप से प्रचार कर रही थीं तथा समसामयिक मुद्दों पर बेबाकी से अपने विचार रखती थीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित