नयी दिल्ली , सितंबर 09 -- दिल्ली में 11-13 सितंबर तक होने वाले 18वें ब्रिक्स लीडर्स सम्मेलन को देखते हुए ट्रैफिक में होने वाली संभावित बढ़ोतरी के मद्देनजर दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 पर अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की आवाजाही के लिए क्षमता बढ़ाई जाएगी।

दिल्ली हवाई अड्डे पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की आवाजाही पूरी तरह टर्मिनल-3 से होती है। एयरपोर्ट का संचालन करने वाले दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (डायल) ने बुधवार को बताया कि सभी जरूरी सुरक्षा तथा परिचालन जांच और मंजूरियां पूरी होने के बाद 09 सितंबर की रात से टर्मिनल-3 पर 'पियर सी' को धीरे-धीरे अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन के लिए शुरू किया जाएगा।

'पियर सी' से अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के आगमन की सुविधा मिलेगी, और 10 सितंबर की शाम से आगमन और प्रस्थान दोनों यहीं से शुरू करने की योजना है। 'पियर सी' के पूरी तरह चालू होने के बाद अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए एयरपोर्ट की क्षमता 50 प्रतिशत बढ़ जायेगी।

यह योजना सीआईएसएफ, नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो, विमान सेवा कंपनियों, ग्राउंड-हैंडलिंग एजेंसियों, आव्रजन, कस्टम विभाग और हवाई अड्डे के अन्य प्रमुख हितधारकों के साथ मिलकर तैयार की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित