नई दिल्ली , सितंबर 9 -- निर्यातकों के शीर्ष संगठन फेडरेशन ऑफ़ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइज़ेशन्स (फियो) ने बुधवार को कहा कि ब्रिक्स शिखर सम्मेलन भारत के लिए विकासशील देशों के साथ अपनी बढ़ती रणनीतिक भागीदारी को निर्यात, निवेश, टेक्नोलॉजी और मज़बूत सप्लाई चेन में ठोस फ़ायदों में बदलने का एक अहम मौका देने वाला है।

राजधानी में कहा कि 12-13 सितंबर को होने जा रहे 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले फियो अध्यक्ष एस सी रल्हन ने कहा, "ब्रिक्स को अब रणनीतिक बातचीत से आगे बढ़कर ठोस वाणिज्यिक नतीजों की ओर बढ़ना चाहिए। भारतीय व्यवसायों के लिए, इसकी असली अहमियत आसान मार्केट एक्सेस, मज़बूत सप्लाई-चेन पार्टनरशिप, निवेश के प्रवाह, टेक्नोलॉजी, सहयोग और कुशल भुगतान प्रणालियों में होगी।"एशिया, अफ़्रीका, खाड़ी देशों, लैटिन अमेरिका और यूरेशिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं वाले विस्तारित ब्रिक्स समूह के साथ, यह भारतीय निर्यातकों को काफ़ी बड़ी आर्थिक पहुँच प्रदान करता है। ब्रिक्स अर्थव्यवस्थाएँ मिलकर वैश्विक व्यापार में लगभग 26 प्रतिशत हिस्सा रखती हैं, जो भारत को अपने पारंपरिक बाज़ारों से आगे बढ़कर निर्यात में विविधता लाने के लिए एक अहम मंच प्रदान करता है। यह सम्मेलन भारत की अध्यक्षता में हो रहा है।

ब्रिक्स समूह में संस्थापक ब्राजील ,रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका के साथ मिस्र , इथियोपिया , ईरान , सऊदी अरब , संयुक्त अरब अमीरात और इंडोनेशिया भी सदस्य हैं।

श्री रल्हन ने एक बयान में कहा कि भारत के पास इंजीनियरिंग सामान, फ़ार्मास्यूटिकल्स, केमिकल्स, टेक्सटाइल्स और कपड़ों, ऑटोमोबाइल और ऑटो कंपोनेंट्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, खाद्य और कृषि उत्पादों, रिन्यूएबल एनर्जी, हेल्थकेयर और डिजिटल सेवाओं में काफ़ी अवसर हैं। साथ ही, ब्रिक्स के बीच बेहतर सहयोग से भारत की महत्वपूर्ण खनिजों, ऊर्जा, टेक्नोलॉजी, पूंजी और नई मैन्युफैक्चरिंग पार्टनरशिप तक पहुँच बेहतर हो सकती है। उन्होंने कहा, "मौका सिर्फ़ ब्रिक्स देशों को ज़्यादा सामान बेचने का नहीं है। भारत को इन अर्थव्यवस्थाओं में विकसित हो रही प्रोडक्शन, सोर्सिंग और वैल्यू चेन का एक अहम हिस्सा बनना चाहिए।"फियो ने समिट से व्यवसायों के लिए कुछ व्यावहारिक नतीजों अर्थात -तेज़ी से कस्टम्स प्रक्रियाएँ, नॉन-टैरिफ़ बाधाओं में कमी, ज़्यादा रेगुलेटरी पारदर्शिता, मानकों और अनुरूपता मूल्यांकन की आपसी मान्यता, बेहतर लॉजिस्टिक्स कनेक्टिविटी, डिजिटल व्यापार दस्तावेज़ीकरण और आसान क्रॉस-बॉर्डर पेमेंट - पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित