नयी दिल्ली , अक्टूबर 25 -- संसद भवन परिसर स्थित संविधान सदन में सोमवार से बारहवें ब्रिक्स संसदीय मंच का दो दिवसीय सम्मेलन शुरू होगा, जिसमें भारत के अलावा 10 सदस्य देशों और 11 आमंत्रित देशों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत आने वाले शिष्टमंडलों के नेताओं से मुलाकात करेंगे। श्री बिरला सम्मेलन की कार्यवाही की अध्यक्षता करेंगे और समापन भाषण भी देंगे।
सम्मेलन का मुख्य विषय 'जन-केंद्रित विकास हेतु संसदों का सुदृढ़ीकरण' है। इसमें लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाने, मानव-केंद्रित नवाचार को बढ़ावा देने और अधिक प्रतिनिधिक वैश्विक शासन व्यवस्था सुनिश्चित करने में संसदों की भूमिका पर चर्चा होगी।
ब्रिक्स देशों के इस सम्मेलन में नैतिक कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल परिवर्तन, वैश्विक शासन सुधार और सतत विकास जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श होगा। इसके अलावा, ब्रिक्स सदस्य और भागीदार देशों की संसदों की अंतरराष्ट्रीय मामलों की समितियों के अध्यक्षों की विशेष बैठक आयोजित की जाएगी।
दो दिवसीय सम्मेलन में उच्चस्तरीय पूर्ण सत्रों, समानांतर बैठकों और द्विपक्षीय आदान-प्रदान के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। विभिन्न सत्रों में संबंधित विषयों के विशेषज्ञ अपने विचार रखेंगे और अलग-अलग देशों के प्रतिनिधि उनकी अध्यक्षता करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित