नयी दिल्ली , सितंबर 03 -- राष्ट्रीय राजधानी में 11 से 13 सितंबर तक होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मद्देनजर दिल्ली पुलिस मुख्यालय में गुरुवार को अंतरराज्यीय समन्वय बैठक हुई।
बैठक की अध्यक्षता दिल्ली पुलिस आयुक्त ने की। इसमें हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और चंडीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया। सम्मेलन को किसी अप्रिय घटना के बिना संपन्न कराने के लिए विभिन्न कानून प्रवर्तन एजेंसियों के बीच समन्वय मजबूत करने पर चर्चा हुई।
अधिकारियों ने सीमा जांच, यातायात व्यवस्था, संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच तथा खुले क्षेत्रों से ड्रोन एवं अन्य उड़ने वाली वस्तुओं की आवाजाही से जुड़े खुफिया इनपुट साझा किये।
सम्मेलन के दौरान यातायात प्रतिबंधों, सीमाओं पर अनधिकृत प्रवेश रोकने और संदिग्ध लोगों या वाहनों की आवाजाही की अग्रिम सूचना साझा करने की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई।
दिल्ली पुलिस ने पड़ोसी राज्यों के अधिकारियों से इन उपायों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पूरा सहयोग और निकट समन्वय बनाए रखने का आग्रह किया।
इस बीच, दिल्ली यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने उच्चतम न्यायालय, उच्च न्यायालय और पटियाला हाउस अदालत के बार संघों के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक की। उन्हें सम्मेलन के दौरान यातायात और पार्किंग व्यवस्था की जानकारी दी गयी तथा अदालतों में आने वाले वकीलों और वादकारियों को कम से कम असुविधा सुनिश्चित करने का भरोसा दिया गया। बार संघों ने व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए दिल्ली यातायात पुलिस को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित