ढाका , जुलाई 23 -- भारत ने 12-13 सितंबर को नयी दिल्ली में आयोजित होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में विशेष अतिथि के रूप में भाग लेने के लिए बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को आमंत्रित किया है।
बंगलादेश की विदेश राज्य मंत्री शमा ओबैद इस्लाम ने गुरुवार को विदेश मंत्रालय में संवाददाताओं से कहा कि भारतीय पक्ष से आमंत्रण पत्र प्राप्त हो गया है और उसे प्रधानमंत्री कार्यालय को भेज दिया गया है।
बंगलादेश ब्रिक्स का सदस्य नहीं है, फिर भी भारत ने उसे सम्मेलन में आमंत्रित किया है। यदि श्री रहमान निमंत्रण स्वीकार करते हैं, तो फरवरी में बंगलादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी पहली द्विपक्षीय बैठक का अवसर मिलेगा।
भारत में चल रहे छात्र आंदोलन पर बंगलादेश की चिंता संबंधी सवाल पर सुश्री इस्लाम ने कहा, "एक लोकतांत्रिक देश और लोकतांत्रिक सरकार के रूप में बंगलादेश चाहता है कि हमारे क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनी रहे। हमें उम्मीद है कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में भारत अपने लोगों की चिंताओं पर ध्यान देगा और स्थिति के शीघ्र समाधान की दिशा में आगे बढ़ेगा।"पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना और राष्ट्रपति मोहम्मद शाहाबुद्दीन के बीच कथित टेलीफोन वार्ता के संबंध में उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय के पास अभी इस बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि कोई सूचना मिलती है तो सरकार निश्चित रूप से इसकी जांच करेगी।
मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के दौरान भारत और बंगलादेश के संबंधों में तनाव आ गया था। फरवरी 2026 में तारिक रहमान के प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और विदेश सचिव विक्रम मिस्री को शपथ ग्रहण समारोह में भेजकर संबंध सुधारने की पहल की थी। श्री बिरला ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का बधाई संदेश और भारत आने का निमंत्रण भी उन्हें सौंपा था।
श्री रहमान ने प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली विदेश यात्रा के लिए नई दिल्ली के बजाय पिछले महीने मलेशिया और चीन का दौरा किया।
इस बीच, बंगलादेश सरकार ने विदेश सचिव असद आलम सियाम को भारत में अगला उच्चायुक्त नियुक्त करने का फैसला किया है। इसे दोनों देशों के बीच लगभग दो वर्षों से चले आ रहे तनावपूर्ण संबंधों को सामान्य बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित