नयी दिल्ली , अगस्त 17 -- भारत की अध्यक्षता में ब्रिक्स पर्यावरण कार्य समूह और जलवायु परिवर्तन एवं सतत विकास पर सोमवार को संपर्क समूह के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के सचिव तन्मय कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को यहां भारत मंडपम में हुई बैठक में चार प्रमुख क्षेत्रों-सतत जीवनशैली को बढ़ावा देना, वनीकरण एवं वन अग्नि प्रबंधन तथा आपदा निवारण, चक्रीय अर्थव्यवस्था और जलवायु अनुकूलन में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।

श्री कुमार ने कहा कि पिछले दो दशकों में ब्रिक्स आर्थिक संवाद के मंच से आगे बढ़कर प्रदूषण, जैव विविधता के नुकसान और वैश्विक तापमान वृद्धि जैसी गंभीर पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने का प्रभावशाली मंच बन गया है जिसमें सतत विकास, जलवायु अनुकूलन, संसाधन दक्षता, चक्रीय अर्थव्यवस्था और पर्यावरणीय शासन के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने पर जोर दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित