नयी दिल्ली , जून 23 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को यहां ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों और वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों से मुलाकात की और समकालीन वैश्विक सुरक्षा चुनौतियों के समाधान में समूह की बढ़ती महत्ता पर प्रकाश डाला।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि श्री मोदी ने कहा कि तेजी से बदलते वैश्विक परिदृश्य में प्रमुख सुरक्षा मुद्दों पर सहयोग को और गहरा करने में ब्रिक्स की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने आतंकवाद, साइबर सुरक्षा और उभरती प्रौद्योगिकियों सहित साझा चुनौतियों से निपटने के लिए सदस्य देशों के बीच अधिक सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया।
श्री मोदी ने कहा कि ब्रिक्स की अध्यक्षता के दौरान भारत का ध्यान सदस्य देशों के बीच व्यावहारिक सहयोग को आगे बढ़ाने पर केंद्रित रहेगा। उन्होंने वैश्विक दक्षिण की प्राथमिकताओं को प्रोत्साहित करने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता दोहरायी और कहा कि भारत एक अधिक सुरक्षित, संरक्षित तथा समावेशी विश्व के निर्माण में योगदान देगा।
मुलाकात के बाद श्री मोदी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा , "ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों और वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों से मिलकर प्रसन्नता हुई। बदलते वैश्विक परिदृश्य में सुरक्षा सहयोग को गहरा करने और आतंकवाद, साइबर सुरक्षा से लेकर उभरती प्रौद्योगिकियों तक की साझा चुनौतियों का समाधान करने में ब्रिक्स की महत्वपूर्ण भूमिका है। भारत की अध्यक्षता व्यावहारिक सहयोग को आगे बढ़ाने, वैश्विक दक्षिण की प्राथमिकताओं का समर्थन करने तथा एक अधिक सुरक्षित, संरक्षित और समावेशी विश्व के निर्माण में योगदान देने का प्रयास करेगी।"ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की 2 दिन चली बैठक आज यहां संपन्न हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित