नयी दिल्ली , अगस्त 21 -- भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता में आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में 22 और 23 अगस्त, 2026 को क्रमशः ब्रिक्स युवा कार्य मंत्रियों की बैठक और ब्रिक्स खेल मंत्रियों की बैठक होगी। इन मंत्रिस्तरीय बैठकों में ब्रिक्स के सभी 11 सदस्य देशों के मंत्री और प्रतिनिधिमंडल प्रमुख एकजुट होंगे और युवा कार्य तथा खेलों में सहयोग को मजबूत करेंगे।

भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता 2026 "सुदृढ़ीकरण, नवाचार, सहयोग और निरंतरता के लिए निर्माण" विषय द्वारा निर्देशित है, जो जन-केंद्रित है और मानवता-प्रथम के दृष्टिकोण को दर्शाता है। मंत्रिस्तरीय बैठकें भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के दौरान हुई बैठकों और चर्चाओं पर आधारित होंगी और ब्रिक्स सदस्य देशों के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेंगी।

इन बैठकों की अध्यक्षता केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया करेंगे। युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री श्रीमती रक्षा खडसे भी इस कार्यवाही में भाग लेंगी। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी इस मंत्रिस्तरीय कार्यक्रमों में शामिल रहेंगे। इसमें युवा कार्यक्रम सचिव सुनील पालीवाल और खेल सचिव हरि रंजन राव भी शामिल हैं। इस आधिकारिक कार्यक्रम में युवा कार्यक्रम मंत्रियों की बैठक के दौरान डॉ. मांडविया कंट्री स्टेटमेंट देंगे और श्रीमती रक्षा खडसे समापन भाषण देंगी।

22 अगस्त को होने वाली ब्रिक्स युवा कार्य मंत्रियों की बैठक में युवा विकास और सशक्तिकरण में सहयोग को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा, जिसमें शिक्षा, कौशल, उद्यमिता, कल्याण और सतत विकास जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इस बैठक में ब्रिक्स युवा परिषद की बैठक और ब्रिक्स युवा शिखर सम्मेलन से उभरने वाली प्रमुख सिफारिशों पर विचार किया जाएगा और ब्रिक्स की क्रमिक अध्यक्षताओं के तहत सहयोग के संभावित क्षेत्रों की पहचान की जाएगी। इस बैठक के समापन पर ब्रिक्स युवा मंत्रिस्तरीय संयुक्त घोषणा और ब्रिक्स युवा सहयोग ढांचा अपनाने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित