चंडीगढ़ , सितंबर 15 -- राज्यसभा सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी तरुण चुघ ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की सफलता को लेकर कांग्रेस और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है।
उन्होंने मंगलवार को कहा कि भारत की बढ़ती कूटनीतिक ताकत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैश्विक नेतृत्व को मिल रही स्वीकार्यता से कांग्रेस परेशान है। ब्रिक्स सम्मेलन में आतंकवाद के खिलाफ स्पष्ट संदेश, पहलगाम आतंकी हमले की निंदा और सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख पर सहमति भारत की कूटनीतिक उपलब्धि है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस सफलता पर चर्चा करने के बजाय सम्मेलन के डिनर मेन्यू को लेकर राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं द्वारा भारतीय भोजन और शाकाहारी परंपरा को जाति, क्षेत्र या विचारधारा से जोड़ना देश की विविधता और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति असम्मान को दर्शाता है। श्री चुघ ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मामलों में अधिक प्रभावशाली भूमिका निभा रहा है।
समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें समानता के बजाय अपने वोट बैंक की चिंता है। उन्होंने कहा कि यूसीसी किसी धर्म या समुदाय के खिलाफ नहीं, बल्कि सभी नागरिकों के लिए समान अधिकार और कानून की अवधारणा पर आधारित है।
श्री चुघ ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और एआईएमआईएम प्रमुख ओवैसी जैसे नेता सुधारों को समुदाय विशेष के खिलाफ बताकर लोगों में भय पैदा करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकों के अधिकार और दायित्व धर्म के आधार पर अलग-अलग नहीं होने चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित