खरगोन , अक्टूबर 26 -- मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में बड़वाह पुलिस ने ब्राउन शुगर तस्करी के मामले में फरार चल रहे दंपती को इंदौर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 17.40 ग्राम ब्राउन शुगर और बिना नंबर की एक कार जब्त की है। जब्त माल की कुल कीमत करीब 14.25 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बड़वाह के बजरंग घाट निवासी ओमप्रकाश उर्फ कालू बोस (40) और उसकी पत्नी कविता वर्मा (35) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ सितंबर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था, जिसके बाद से वे फरार थे। तीन सितंबर को पुलिस ने बजरंग घाट निवासी राजेंद्र प्रजापत (32) के कब्जे से 17.85 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की थी, जिसकी कीमत करीब 1.30 लाख रुपये बताई गई थी। पूछताछ में राजेंद्र ने बताया था कि उसने यह मादक पदार्थ ओमप्रकाश और कविता से खरीदा था। इसके बाद दोनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया।
पुलिस को 25 अक्टूबर को सूचना मिली कि दंपती इंदौर में रह रहे हैं। बड़वाह थाना प्रभारी राजेंद्र बर्मन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इंदौर पहुंचकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। ओमप्रकाश के कब्जे से 10.54 ग्राम ब्राउन शुगर, जिसकी कीमत करीब 75 हजार रुपये, जबकि कविता के पास से 6.86 ग्राम ब्राउन शुगर, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है, जब्त की गई। मादक पदार्थ के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही करीब 13 लाख रुपये कीमत की सफेद कार भी जब्त की गई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, ओमप्रकाश के खिलाफ विभिन्न अपराधों में 12 प्रकरण दर्ज हैं, जबकि कविता के खिलाफ चार आपराधिक मामले दर्ज हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित