नयी दिल्ली , जून 16 -- दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली के प्रथम मुख्यमंत्री चौधरी ब्रह्म प्रकाश ने सादगी एवं सिद्धांतों पर आधारित जीवन जीते हुए दिल्ली के विकास, किसानों के कल्याण तथा राष्ट्रीय समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य किया।

श्री गुप्ता ने आज दिल्ली विधानसभा परिसर में दिल्ली के प्रथम मुख्यमंत्री चौधरी ब्रह्म प्रकाश के 108वीं जयंती के अवसर को पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि चौधरी ब्रह्म प्रकाश ने बहुत कम आयु में स्वयं को भारत के स्वतंत्रता संग्राम के लिए समर्पित कर दिया था और बिना किसी राजनीतिक पद अथवा व्यक्तिगत लाभ की आकांक्षा के ब्रिटिश शासन के विरुद्ध संघर्ष में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए ऐसे समय में अद्भुत साहस का परिचय दिया, जब औपनिवेशिक शासन का सामना करना कोई साधारण बात नहीं थी।

स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद उनके योगदान का उल्लेख करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि चौधरी ब्रह्म प्रकाश ने सादगी एवं सिद्धांतों पर आधारित जीवन जीते हुए दिल्ली के विकास, किसानों के कल्याण तथा राष्ट्रीय समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य किया। उन्होंने कहा कि सत्ता के उच्च पदों पर रहते हुए भी उन्होंने संघर्ष का मार्ग नहीं छोड़ा और स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान जिन आदर्शों के लिए संघर्ष किया था, उन्हें जीवनभर आगे बढ़ाने का प्रयास किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित