तिरुमला , सितंबर 11 -- तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के अतिरिक्त कार्यकारी अधिकारी (एईओ) सी. वेंकैया चौधरी ने शुक्रवार को श्रीवारी ब्रह्मोत्सवम के लिए प्रतिनियुक्ति पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने कर्तव्यों का श्रद्धा और समर्पण के साथ निर्वहन करने तथा उत्सव को भव्य रूप से सफल बनाने की दिशा में काम करने का आह्वान किया।
श्री चौधरी ने यहां अस्थाना मंडपम में प्रतिनियुक्ति पर आए कर्मचारियों के लिए आयोजित अभिमुखीकरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के तिरुमला पहुंचने की उम्मीद है। इसलिए प्रत्येक कर्मचारी को दोहरे ब्रह्मोत्सवम के आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं और अपनी जिम्मेदारियों की स्पष्ट जानकारी होनी चाहिए।
उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा उत्सव के प्रबंधन में अपने पिछले अनुभव का उपयोग करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं से संबंधित किसी भी समस्या की जानकारी कर्मचारियों को तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में लानी चाहिए और उसका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना चाहिए।
श्री वेंकैया चौधरी ने कर्मचारियों से श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार करने और समर्पण के साथ उनकी सेवा करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे ब्रह्मोत्सवम के दौरान संस्था की प्रतिष्ठा और बेहतर होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित