भरतपुर , अप्रैल 23 -- राजस्थान में डीग जिले से होकर गुजरने वाली ब्रज 84 कोस के परिक्रमा मार्ग में निर्बाध पदयात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर मयंत मनीष ने निर्देश जारी किए हैं।

श्री मनीष ने गुरुवार को राजस्थान सीमा में आने वाले परिक्रमा मार्ग के प्रवेश द्वार कोथरा गेट, सांवई, नगला दांदू, बहज, डीग कस्बा, दिदावली, नगला महारानिया, टाकौली, खोह, चुल्हेरा, अलीपुर, पसोपा, बरौली धाऊ, बिलोंद, सतवास, पथवारी और नौनेरा गांव तक वस्तुस्थिति का जायजा लेने के बाद बताया कि मई में प्रारंभ होकर पूरे एक महीने तक चलने वाले अधिक मास के अवसर पर ब्रज 84 कोस परिक्रमा में देशभर से लाखों श्रद्धालु इन मार्गो से गुजरेंगे।

उन्होंने कहा कि इस दौरान यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि श्रद्धालुओं को परिक्रमा के दौरान कोई असुविधा न हो। इस दौरान परिक्रमा मार्ग में सभी विश्राम स्थलों पर जहां परिक्रमार्थियों के बैठने के लिये छाया की व्यवस्था नहीं है वहां शेड लगवाने के निर्देश दिये गये हैं।

श्री मनीष ने बताया कि गर्मी को ध्यान में रखते हुए परिक्रमा मार्ग में आने वाले सभी हैंडपंपों को सुचारू रखने, तिरछे या झुके हुए विद्युत खंभे सीधा कराने, समुचित साफ-सफाई, सड़क किनारे उगी कंटीली झाड़ियों की कटाई और मार्ग में रखे उपलों को व्यवस्थित कराने के निर्देश के साथ ही खोह क्षेत्र में रखे लकड़ी एवं ईंधन को परिक्रमा मार्ग से हटाकर अन्यत्र सुरक्षित स्थान पर रखवाने के लिये ग्रामीणों को पाबंद किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित