मथुरा , मार्च 20 -- कान्हा नगरी मथुरा में अपने तीन दिवसीय दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भक्ति रस में सराबोर नजर आयीं।
वृंदावन पहुंचीं श्रीमती मुर्मू ने प्रख्यात संतों से भेंट कर आशीर्वाद लिया, वहीं स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया। सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजामों के बीच राष्ट्रपति का यह दौरा ब्रज की सांस्कृतिक और सामाजिक विरासत को सम्मान देने वाला रहा।
राष्ट्रपति मुर्मू सबसे पहले प्रख्यात संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचीं। वहाँ उन्होंने महाराज श्री से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया और विभिन्न आध्यात्मिक विषयों पर चर्चा की। संत महाराज ने राष्ट्रपति को ब्रज की अनूठी भक्ति परंपरा, यमुना संरक्षण की आवश्यकता और समाज सेवा के प्रकल्पों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। राष्ट्रपति ने संतों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि आध्यात्मिक गुरु समाज को सकारात्मक दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। भेंट के अंत में महाराज श्री ने राष्ट्रपति को स्मृति चिन्ह और प्रसाद भेंट किया।
आध्यात्मिक भेंट के पश्चात राष्ट्रपति मथुरा मार्ग स्थित रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम अस्पताल पहुंचीं। यहाँ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और आश्रम के पदाधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। राष्ट्रपति ने यहाँ नवनिर्मित 'ऑन्कोलॉजी ब्लॉक' का लोकार्पण किया, जो क्षेत्र में कैंसर के मरीजों के लिए बेहतर उपचार की सुविधा प्रदान करेगा। इस दौरान उन्होंने देश की समृद्ध सांस्कृतिक और सेवा परंपरा को आगे बढ़ाने में मिशनरी संस्थाओं की भूमिका को सराहा।
दौरे के अगले चरण में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विश्व प्रसिद्ध नीब करौरी बाबा आश्रम पहुंचीं। उन्होंने हनुमान मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और मंदिर की परिक्रमा की। इसके उपरांत उन्होंने बाबा नीब करौरी के समाधि स्थल पर शीश नवाया और वहां स्थित संग्रहालय का बारीकी से अवलोकन किया। आश्रम परिवार की ओर से उन्हें बाबा का प्रिय कंबल, चित्र और प्रसाद भेंट किया गया।
इस पूरे भ्रमण के दौरान प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी और प्रभारी मंत्री संदीप सिंह सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर पूरे वृंदावन में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे और भक्तों व स्थानीय निवासियों में भारी उत्साह देखा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित