पौड़ी , मई, 14 -- उत्तराखंड के पौड़ी में ब्यासी रोड पर बुधवार देर रात दो बड़े पेड़ गिरने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग थलीसैंण का एक दल तत्काल मौके के लिए रवाना हुआ ।
अग्निशमन विभाग की टीम आवश्यक आपदा राहत उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। वहां सड़क के बीचों-बीच गिरे पेड़ों के कारण दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप थी। फायर कर्मियों ने बिना देर किए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और वुडन कटर की सहायता से पेड़ों को छोटे-छोटे हिस्सों में काटकर सड़क से हटाया।
अग्निशमन कर्मियों की त्वरित कार्रवाई और मुस्तैदी के चलते कुछ ही समय में मार्ग को पूरी तरह साफ कर यातायात बहाल कर दिया गया। मार्ग खुलने के बाद वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली तथा फायर यूनिट की तत्परता की सराहना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित