राजगढ़ , अगस्त 28 -- मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे तेज रफ्तार बस भोपाल बायपास ब्रिज की सेफ्टी वॉल से टकरा गई। हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 12 यात्री घायल हुए हैं। मृतकों में कर्नाटक में पदस्थ साइबर इंस्पेक्टर सहित बिहार और उत्तर प्रदेश के लोग शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार बस कानपुर से इंदौर जा रही थी। ब्रिज के कर्व पर बस अनियंत्रित होकर सेफ्टी वॉल से टकरा गई। टक्कर का सबसे अधिक असर बस के ऊपरी स्लीपर हिस्से में हुआ। खिड़कियां टूटने से कुछ यात्री ब्रिज के नीचे जा गिरे, जबकि कुछ यात्री ब्रिज पर ही गिर गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और सड़क पर शव पड़े रहे। स्थानीय लोगों ने पुलिस एवं प्रशासन की टीम के साथ मिलकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।

हादसे में बस चालक और बेंगलुरु में पदस्थ साइबर इंस्पेक्टर रवि केबी (45) की भी मृत्यु हुई है। रवि केबी अपनी साइबर टीम के साथ एक आरोपी को पकड़ने इंदौर आ रहे थे। उनकी टीम के विश्वनाथ और रमेश नायक घायल हुए हैं।

पुलिस के अनुसार हादसे में जौनपुर, कानपुर, अलीगढ़, सीतापुर और बेंगलुरु के यात्री शामिल थे। घायलों को ब्यावरा के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को रेफर किया गया। सुरेंद्र प्रताप सिंह, सुमन शर्मा, श्रीनिवास और केशव को गंभीर हालत में रेफर किया गया है। सुरेंद्र प्रताप सिंह और सुमन शर्मा को भोपाल भेजा गया है।

जौनपुर निवासी अमित कुमार ने बताया कि वह पत्नी और बेटे के साथ उज्जैन में महाकाल दर्शन के लिए जा रहे थे। उनके अनुसार बस निर्धारित समय से लेट हो गई थी और चालक तेज रफ्तार से बस चला रहा था। अचानक करीब 80 डिग्री के कर्व पर बस सेफ्टी वॉल से टकरा गई और फिर सीधी हो गई, जिससे कई यात्री नीचे गिर गए।

कानपुर निवासी घायल रवि शर्मा ने बताया कि वह पत्नी के साथ उज्जैन जा रहे थे। अचानक तेज रफ्तार बस दीवार से टकरा गई और यात्रियों को संभलने का मौका नहीं मिला।

प्रत्यक्षदर्शी आशीष चंद्रवंशी ने बताया कि वह हाईवे के किनारे खड़े थे। सुबह अचानक तेज आवाज आई और लोग नीचे गिरने लगे। उन्होंने बताया कि तीन लोग नीचे गिरे, जबकि एक व्यक्ति ऊपर ही गिरा। चारों की मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलने पर राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार और पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी सिविल अस्पताल पहुंचे। दोनों ने घायलों से मुलाकात कर चिकित्सकों से उनके उपचार की जानकारी ली। राज्यमंत्री ने कहा कि ब्रिज के कर्व को लेकर संकेतक और ब्रेकर लगाने के संबंध में चर्चा की जाएगी तथा घायलों को उचित उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा तेज रफ्तार के कारण होना प्रतीत हो रहा है। ब्रिज पर कर्व होने की वजह से बस के अनियंत्रित होने की आशंका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगतों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित