बैतूल , मार्च 1 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में इस वर्ष आम के बंपर उत्पादन की संभावना जताई जा रही है। वर्तमान में लगभग 80 प्रतिशत आम के पेड़ बौर से लदे हुए हैं। पेड़ों पर इतनी अधिक बौर आई है कि हरी पत्तियां पीले फूलों के नीचे छिप गई हैं और पूरा पेड़ सुनहरा नजर आ रहा है।
आम को फलों का राजा कहा जाता है और यह बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी का पसंदीदा फल है। सामान्यतः जनवरी और फरवरी में आम के पेड़ों में बौर आना शुरू हो जाता है। इसके बाद मार्च और अप्रैल में कैरी लगती है तथा मई और जून तक बाजार में पके आमों की आवक प्रारंभ हो जाती है। यदि इस दौरान मौसम अनुकूल बना रहे तो उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होती है। इस वर्ष अब तक मौसम आम की फसल के लिए अनुकूल रहा है, जिससे किसानों और आम प्रेमियों में उत्साह देखा जा रहा है।
पिछले कुछ वर्षों में बैतूल जिले ने आम उत्पादन के क्षेत्र में विशेष पहचान बनाई है। यहां का प्रसिद्ध गाजरिया आम जिले और प्रदेश के साथ-साथ प्रदेश के बाहर भी पसंद किया जाता है। इसके अतिरिक्त लंगड़ा, चौसा, आम्रपाली, तोतापरी और नीलम जैसी उन्नत किस्मों का उत्पादन भी बड़ी मात्रा में किया जा रहा है। बेहतर गुणवत्ता और स्वाद के कारण इनकी बाजार में अच्छी मांग रहती है।
जानकारों के अनुसार इस वर्ष कुछ पेड़ों में दिसंबर माह से ही बौर आना शुरू हो गया था, जिसे अच्छे उत्पादन का संकेत माना जा रहा है। वर्तमान में लगभग सभी पेड़ों पर बौर आ चुकी है। यदि इन बौरों से पर्याप्त मात्रा में फल बन गए तो इस वर्ष आम की पैदावार रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच सकती है। इससे किसानों को बेहतर आय मिलने के साथ बाजार में आम की उपलब्धता भी बढ़ेगी और कीमतें आम लोगों की पहुंच में रह सकती हैं।
आमतौर पर बसंत पंचमी और महाशिवरात्रि के आसपास तेज हवाएं, आंधी, बारिश या ओलावृष्टि के कारण बौर झड़ने से उत्पादन प्रभावित होता है, लेकिन इस बार इन पर्वों के दौरान मौसम काफी हद तक सामान्य रहा। जिले के कुछ स्थानों को छोड़कर कहीं भी गंभीर मौसम खराब नहीं हुआ, जिससे बौर सुरक्षित बनी हुई है।
अब होली के आसपास के मौसम पर सबकी नजरें टिकी हैं। यदि आगामी दिनों में भी मौसम अनुकूल रहा और बौर से पर्याप्त फल बने, तो इस वर्ष बैतूल में आम की भरपूर पैदावार होने की संभावना है। ऐसे में बाजारों में आम की भरमार देखने को मिलेगी और आम लोग भी इस रसीले फल का भरपूर आनंद ले सकेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित