टिहरी , मई 13 -- उत्तराखंड में टिहरी गढ़वाल के बौराड़ी फर्नीचर एवं कवर्ड बाजार में एडीबी परियोजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों में लगातार हो रही देरी को लेकर व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। उद्योग व्यापार मंडल बौराड़ी ने निर्माण कार्य समय पर पूरा न होने के विरोध में बुधवार से कार्य बंद कराने का निर्णय लिया है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवराज सजवाण की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में व्यापारियों ने एडीबी अधिकारियों पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। व्यापारियों का कहना है कि अधिकारियों ने निर्माण कार्य 60 से 65 दिनों के भीतर पूरा करने का आश्वासन दिया था तथा इस अवधि के दौरान व्यापार प्रभावित होने पर प्रतिदिन दो हजार रुपये मुआवजा देने की बात कही गई थी।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि तय समय सीमा बीतने के बाद भी निर्माण कार्य अधूरे पड़े हैं और अब यह अवधि चार माह तक पहुंच चुकी है। बाजार क्षेत्र में शौचालय निर्माण तक पूरा नहीं हो पाया है, जिससे व्यापारियों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक में व्यापारियों ने यह भी कहा कि एक माह का मुआवजा भुगतान देने से अधिकारी अब इनकार कर रहे हैं, जिससे व्यापारियों में नाराजगी और बढ़ गई है। आक्रोशित व्यापारियों ने सर्वसम्मति से बुधवार से निर्माण कार्य पूरी तरह बंद कराने का निर्णय लिया।
बैठक में व्यापार मंडल सचिव संदीप रावत, अमरीश पाल, अंकित मित्तल सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित