टिहरी , मई 16 -- उत्तराखंड में टिहरी जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बौराड़ी क्षेत्र में एडीबी द्वारा कराए जा रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में स्थानीय व्यापार मंडल पदाधिकारियों और दुकानदारों के साथ फर्नीचर मार्केट, कबर्ड मार्केट समेत अन्य निर्माण कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। व्यापारियों ने कार्यों की गुणवत्ता को लेकर शिकायत दर्ज कराई, जिस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी टिहरी की अध्यक्षता में लोक निर्माण विभाग, जल निगम और ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम से गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश दिए।
नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा शौचालय निर्माण के साथ केयर टेकर रूम बनाए जाने की मांग भी उठाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने एडीबी अधिकारियों को प्रस्तावित डीपीआर में इस मांग को शामिल करने के निर्देश दिए।
बैठक में बौराड़ी क्षेत्र को पहाड़ी शैली की पहचान देने के लिए स्थानीय संस्कृति को दर्शाने वाले चित्रण कराने पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा कबर्ड मार्केट में गेट लगाने, सीसीटीवी कैमरे और सोलर पैनल स्थापित करने जैसे प्रस्तावों पर चर्चा हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित