बोलपुर , सितंबर 28 -- पश्चिम बंगाल के बोलपुर में भाजपा के बूथ अध्यक्ष चंदन भल्ला (42) की गोली मारकर हत्या के बाद राज्य सरकार ने मामले की जांच में विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और अपराध जांच विभाग (सीआईडी) को शामिल किया है।
श्री भल्ला की रविवार रात सिर में गोली लगने से मौत हो गयी। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हत्या सुनियोजित प्रतीत होती है। घटनास्थल से फोरेंसिक नमूने जुटाए गए हैं और सुराग तलाशने के लिए डॉग स्क्वॉड भी तैनात किया गया है। पुलिस चश्मदीदों के बयान, मोबाइल फोन रिकॉर्ड और टावर लोकेशन की जांच कर रही है। अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
एक चश्मदीद के अनुसार, मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने श्री भल्ला को नजदीक से गोली मारी और फरार हो गए। पुलिस हत्या के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित