फरीदाबाद , सितंबर 28 -- हरियाणा में फरीदाबाद के सीही गांव में रविवार शाम बोरवेल में गिरी एक बच्ची की सोमवार तड़के मौत हो गयी।

नेहा को करीब 10 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आज तड़के चार बजे बाहर निकाला गया। बच्ची के शरीर में कोई हलचल नहीं थी। उसे तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा, जिससे मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

जानकारी के अनुसार नेहा (03) कल शाम करीब सात बजे बस्ती के बच्चों के साथ बोरवेल के पास खेल रही थी। वहां खड़े ट्रैक्टर पर चढ़ते समय उसका पैर फिसल गया और वह सीधे बोरवेल में जा गिरी। बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसके पिता रामदीन को सूचना दी।

हादसे की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अंधेरा होने के कारण बोरवेल के आसपास लाइटें लगाई गईं। टीम ने अंदर कैमरा भी डाला, जिसमें पत्थर दिखाई दिए। शुरुआत में बच्ची के रोने की आवाज भी सुनाई दी।

एनडीआरएफ अधिकारी कुणाल तिवारी के मुताबिक बोरवेल कई साल से बंद था और करीब 125 फीट की गहराई पर गंदा पानी भरा हुआ था। इससे बचाव कार्य में काफी परेशानी आई। बच्ची का सिर नीचे की तरफ था और वह 200 फीट से अधिक गहराई पर फंसी थी। काफी मशक्कत के बाद टीम ने उसके पैर की मदद से उसे बाहर निकाला।

नगर निगम के अभियंता संजीव कुमार ने बताया कि बोरवेल करीब 15 साल से बंद था। कुछ दिन पहले ही उसका ढक्कन हट गया था। ग्रामीणों के अनुसार, बोरवेल नगर निगम की जमीन पर था और कई वर्षों से सूखा पड़ा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित