बोकारो , अप्रैल 08 -- झारखंड के बोकारो जिले में स्थापित भारतीय इस्पात प्राधिकरण लिमिटेड (सेल) की इकाई बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के दौरान काफी हंगामा हुआ।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि सेक्टर 12 थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे के पास सेक्टर-12 स्थित हनुमान नगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान जमकर हंगामा मच गया। बोकारो स्टील लिमिटेड(बीएसएल) की जमीन पर अवैध कब्जे में बने पक्के बाउंड्री वाले निर्माण को जमींदोज करने पहुंचे बुलडोजर पर अतिक्रमणकारियों ने भारी विरोध किया।
मौके पर मौजूद बीएसएल अधिकारियों और सुरक्षा गार्डों के साथ अतिक्रमणकारियों ने धक्कमुक्की की। होमगार्ड के जवानों ने हस्तक्षेप कर अवैध कब्जाधारियों को खदेड़ दिया, जिसके बाद मामला शांत हो गया। बुलडोजर से सीमेंट-छड़ की ऊंची दीवार को ध्वस्त कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, बीएसएल की जमीन पर लगातार अतिक्रमण बढ़ रहा है। लोग पक्के मकान बना रहे हैं और मुफ्त पानी-बिजली का उपयोग कर करोड़ों का नुकसान पहुंचा रहे हैं। कंपनी समय-समय पर अभियान चलाती है, लेकिन अतिक्रमणकारी बुलंद हौसले दिखाते हुए दोबारा निर्माण कर लेते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित