बोकारो , फरवरी 25 -- झारखंड मे बोकारो जिले के सेक्टर-6 थाना क्षेत्र के सेक्टर-6 बी के एक आवास में युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि मृतक 33 वर्षीय गौतम कुमार घर का इकलौता चिराग था, जिसकी शादी छह माह पूर्व हुई थी। उसकी पत्नी मायके में है और जल्द बच्चे का जन्म होने वाली है।
पुलिस के अनुसार, गौतम ने दोपहर करीब तीन बजे खाना खाने के बाद अपने कमरे में जाकर गमछे से सीलिंग फैन से फांसी लगा ली। उस समय पिता, जो बीएसएल कर्मचारी हैं, ड्यूटी पर थे और मां घर पर अकेली थीं। मां को शक हुआ तो उन्होंने कमरा न खुलने पर आसपास के लोगों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची सेक्टर-6 थाना पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बरामद किया और शव को अन्तपरीक्षण के लिए चास अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। मां ने बताया कि पुत्र के तनाव का कारण उन्हें नहीं पता। बताया जा रहा है कि व्यवसाय में भारी घाटे से वह परेशान था। इससे पहले एक साल पूर्व गौतम ने नींद की गोली खाकर भी सुसाइड का प्रयास किया था। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह फांसी से आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित