बोकारो , फरवरी 01 -- झारखंड में बोकारो जिले में पुलिस की सतर्कता से एक बड़ी आपराधिक घटना टल गई।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि विगत 31 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली कि कुछ अपराधी सफेद रंग की एक्सयूवी-500 गाड़ी में हथियार लेकर तेलगड़िया मोड़ से बिजुलिया मोड़ की ओर जा रहे हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।
सूचना मिलते ही वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर चास मु. थाना और सियालजोरी थाना की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने रेकी कर संदिग्ध वाहन का पीछा किया। जब पुलिस ने गाड़ी रोकने का इशारा किया तो आरोपी तेज गति से भागने लगे और बान्धडीह रेलवे ओवरब्रिज के पास गाड़ी रोककर फरार होने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को खदेड़ कर पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों ने अपना नाम रजनीश राज उर्फ शुकला, सलमान अहमद खान और मो. सैफउद्दीन बताया। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि सितंबर 2025 में बान्धडीह रेलवे साइडिंग पर रंगदारी के लिए ठेकेदार को डराने के उद्देश्य से गोली चलवाई थी, जिसमें एक ट्रैक्टर चालक घायल हुआ था। इस बार भी वे दहशत फैलाने और दोबारा फायरिंग की योजना से जा रहे थे।
पुलिस ने उनके पास से एक देशी पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस, धमकी भरा पर्चा, एक्सयूवी-500 वाहन और एक वायरलेस डोंगल बरामद किया है। तीनों आरोपी अलग-अलग राज्यों से जुड़े बताए जा रहे हैं।
बोकारो के पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने बताया कि यह गिरोह संगठित अपराध में शामिल रहा है और इनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में संभावित बड़ी वारदात टल गई, जिससे आम लोगों ने राहत की सांस ली है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित