बोकारो , मार्च 22 -- झारखंड के बोकारो में स्थापित भारतीय इस्पात प्राधिकरण लिमिटेड (सेल) की इकाई बोकारो स्टील लिमिटेड (बीएसएल) प्रबंधन ने पहली बार शहर में फुड स्ट्रीट का आयोजन किया।
प्लांट के संचार प्रमुख मणिकांत धान ने आज यहां बताया कि स्वाद एवं संस्कृति का अनूठा संगम फुड स्ट्रीट का भव्य आयोजन का उदघाटन बीएसएल के निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन ने किया। यहां के गांधी चौक से बोकारो मॉल मोड़ तक सजे इस अनोखे फुड स्ट्रीट के उदघाटन के अवसर पर उप महानिरीक्षक (सीआईएसएफ) राजीव मिश्रा, महिला समिति की अध्यक्ष शुभम रंजन, अधिशासी निदेशक(एसआरयू) पीके रथ, अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) राजश्री बनर्जी, अधिशासी निदेशक(माइंस) विकास मनवटी, अधिशासी निदेशक (परियोजना) अनीष सेनगुप्ता, अधिशासी निदेशक(एम एम) सी आर मिश्रा, अधिशासी निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ बी बी करुणामय, अधिशासी निदेशक (संकार्य) अनूप कुमार दत्त, मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (वित्त एवं लेखा) एस के भारद्वाज सहित अन्य वरीय अधिकारी तथा नगर वासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
आधारिक सूत्रों ने आज यहां बताया कि फुड स्ट्रीट में लगभग 70 फुड स्टॉल लगाए गए जिनमें देश के अलग-अलग प्रांतों के व्यंजन और पकवान बोकारो वासियों को उपलब्ध कराए गए। इनमें झारखण्ड के पारम्परिक व्यंजन भी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बने रहे जबकि महिला समिति का फुड स्टॉल भी हमेशा की तरह लोगों को लुभाता रहा।
इसके अलावा अन्य स्टॉल भी अपने खास व्यंजनों और स्वाद की खुशबु से बड़े, बुजुर्ग और बच्चों को आकर्षित करते रहे। देर शाम तक सजे फुड स्ट्रीट में खान-पान के साथ-साथ लोग गर्मजोशी के साथ एक-दूसरे से मिलते नज़र आए और इस पूरे आयोजन को सार्थक बनाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित