बोकारो , फरवरी 02 -- झारखंड में बोकारो स्टील सिटी थाना क्षेत्र के सेक्टर-2ए से 20 जनवरी को मॉर्निंग वॉक के दौरान लापता हुई 55 वर्षीय नमीता देवी का शव चंदनकियारी सीएचसी की बाउंड्रीवाल के पास झाड़ियों में अर्धनग्न और जला हुआ हालत में बरामद हुआ है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि 13 दिनों बाद मिले इस शव को हत्या की आशंका जताने पर मजबूर कर दिया है। शव की पहचान मृतका के पुत्र अमर गोप ने दांतों और चूड़ियों से की।

घटनास्थल पर एसपी बोकारो हरविंदर सिंह सहित जिले के कई थानों की पुलिस फोर्स पहुंची। एसपी ने बताया कि शव अर्धनग्न अवस्था में था और शरीर के कुछ हिस्से जले हुए पाए गए। प्रारंभिक जांच में दुश्कर्म के बाद हत्या की संभावना व्यक्त की जा रही है। एफएसएल जांच, डॉग स्क्वायड, अन्य तकनीकी जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।

मृतका के पति सेल कर्मचारी हैं, जबकि मायका पुरुलिया जिले के पाड़ा थाना क्षेत्र के पोड़ासिड़ी है। परिजनों ने लापता होने के उसी दिन सिटी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सूत्रों के अनुसार, चंदनकियारी के एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। शव मिलते ही विभिन्न जांच एजेंसियां घटनास्थल पर सक्रिय हो गईं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित