बोकारो , मार्च 22 -- झारखंड में बोकारो जिले के हरला थाना क्षेत्र के रामडीह मोड़ स्थित ठाकुर बांध तालाब के पास एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि सुबह टहलने निकले स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान अंगवाली निवासी करीब 25 वर्षीय धर्मदेव गुप्ता के रूप में हुई है। वह सेक्टर-8 में रहकर काम करता था।

पुलिस ने घटनास्थल के पास से एक बैग भी बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

पुलिस युवक के अंतिम गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। आशंका जताई है कि युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है।

जिस स्थान पर शव मिला है, वहां अक्सर जुआ और ताश का खेल चलता है। जिससे आपराधिक गतिविधियों की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला भी हो सकता है, लेकिन मौत के वास्तविक कारण का खुलासा चिकित्सीय अन्तपरीक्षण रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित