बोकारो , अप्रैल 07 -- झारखंड में बोकारो जिले के ट्रेजरी से वेतन मद में 3.15 करोड़ रुपये की संदिग्ध निकासी के मामले में पुलिस ने आरोपी खजांची को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देश पर ट्रेजरी ऑफिसर (टीओ) गुलाब चंद उरांव ने संबंधित मामले में बी.एस.सिटी थाने में देर रात प्राथमिकी दर्ज कराई और इसी के आलोक मे पुलिस विभाग के अकाउंटेंट कौशल कुमार पाण्डेय को आज गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि आवेदन में टीओ ने लिखा है कि, दिनांक 06 अप्रैल 2026 को स्थानीय समाचार पत्र में प्रकाशित खबर के आधार पर मामले की जांच प्रारंभ की गई। जांच के क्रम में कोषागार अभिलेखों एवं बैंक खातों से प्राप्त विवरणियों का परीक्षण किया गया।
प्रथम दृष्टया जांच में यह पाया गया कि पुलिस उप निरीक्षक उपेन्द्र सिंह के नाम से वित्तीय वर्ष 2024-25 के माह मई 2024 से मार्च 2026 तक वेतन मद से निकाली गई राशि को अन्य खातों में स्थानांतरित किया गया। टीओ के जांच के दौरान यह भी सामने आया कि उक्त राशि का स्थानांतरण पुलिस विभाग के अकाउंटेंट कौशल कुमार पाण्डेय द्वारा अपनी पत्नी के बैंक खाते में कराया गया।
आधिकारिक सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि मामले में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की भी पहचान की जा रही है तथा सभी दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अपर समाहर्त्ता (एसी) मो. मुमताज अंसारी की प्रारंभिक जांच में गड़बड़ी सामने आने के बाद उपायुक्त ने कार्रवाई का निर्देश दिया था।
अपर समाहर्ता ने प्रारंभिक जांच में पाया कि उपेन्द्र सिंह के नाम पर वेतन मद में की गई निकासी सामान्य प्रक्रिया से मेल नहीं खाती और इसमें गंभीर अनियमितता की आशंका है। जिसके बाद डीसी ने मामले से संबंधित व्यक्ति और उससे जुड़े खातों को फ्रीज करने की प्रक्रिया शुरू करने, विभागीय स्तर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित