बोकारो , फरवरी 03 -- झारखंड में बोकारो जिले के जरीडीह थाना पुलिस ने ट्रक, पिकअप सहित चार वाहन जप्त कर कुल 433 कार्टून (लगभग 4,000 लीटर) विदेशी शराब बरामद कर 3 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि जप्त 418 कार्टून में से 999 गोल्ड प्रीमियम व्हिस्की और 15 कार्टून प्रीमियम व्हिस्की शामिल हैं। इसके अलावा क्रेटा कार से 8 लाख रुपये नगद भी जब्त किया गया जो शराब की खरीद-बिक्री का पैसा था।
गिरफ्तार तीनों आरोपी-बिनोद गोस्वामी (38, ड्राइवर), फुलेश्वर मरांडी (35, लोडिंग सहायक) और दीपक कुमार पांडेय (64, सप्लायर लिंकमैन)-बालीडीह और जरीडीह के निवासी हैं। जरीडीह थाने में मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों का आपराधिक इतिहास पुराना है।
पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने आज यहां बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि बालीडीह से एक ट्रक में भारी मात्रा में अवैध शराब लादकर जैनामोड़ फोरलेन चौक के पास सुगर एंड स्पाइस होटल वाली गली में उतारकर छोटे वाहनों से विभिन्न इलाकों में बांटी जा रही है। एसपी के निर्देश पर उक्त कार्रवाई की गई।
छापामारी दल में थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार सिंह, पु0अ0नि0 बिपिन चंद्र महतो, निर्मल कुमार सिंह, दशरथ कुमार दास, संजीव कुमार, विकास कुमार विश्वकर्मा, विक्रम कुमार (तकनीकी), कामेश्वर महतो, भागीरथ महतो, मोबीन अंसारी, अनिल मुर्मू और परमानंद महतो शामिल थे। पुलिस ने कहा कि यह कार्रवाई अवैध शराब तस्करी पर लगाम लगाने की मुहिम का हिस्सा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित