मुंबई , अगस्त 28 -- बॉम्बे उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान की ओर से दायर उस याचिका पर फैसला सुरक्षित रख लिया, जिसमें उनकी बेटी की मौत की नए सिरे से जांच कराने की मांग की गई है।

उल्लेखनीय है कि दिशा सालियान (28) दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मैनेजर का काम करती थीं और जून 2020 में मुंबई की एक इमारत से गिरने के बाद उनकी मौत हो गई थी।

न्यायमूर्ति सारंग कोतवाल और न्यायमूर्ति आर. आर. भोंसले की खंडपीठ ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रखा।

याचिकाकर्ता सतीश सालियान ने दावा किया कि दिशा की मौत दुर्घटनावश नहीं हुई थी, बल्कि प्रभावशाली लोगों को बचाने और मामले को दबाने के लिए राजनीतिक साजिश के तहत दुष्कर्म के बाद उनकी हत्या की गई थी। उन्होंने निष्पक्ष और व्यापक जांच की मांग करते हुए आरोप लगाया कि पुलिस ने उनकी शिकायत दर्ज नहीं की।

राज्य सरकार का हालांकि यह कहना है कि मुंबई पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि दिशा ने आत्महत्या की थी।

गौरतलब है कि दिशा की आठ जून 2020 को उपनगरीय मलाड स्थित एक आवासीय इमारत की 14वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई थी। उनकी मौत के छह दिन बाद 14 जून को सुशांत सिंह राजपूत बांद्रा स्थित अपने आवास पर मृत पाए गए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित