जयपुर , जुलाई 24 -- राजस्थान प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि देश-प्रदेश में कांग्रेस का जनाधार लगातार गिरने से वह मिटती जा रही है और अपने खोये हुए जनाधार को बैसाखियों के सहारे तलाश रही है।

श्री राठौड़ ने शुक्रवार को अपने बयान में कहा कि अभी पश्चिम बंगाल और बिहार के चुनाव में कांग्रेस के विधायक दो अंकों में भी नहीं जीते। अपने खोए हुए जनाधार को ढूंढने के लिए बैसाखियों के सहारे चलना कांग्रेस की फितरत हो गयी है।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के नाम पर कांग्रेस आज घड़ियाली आंसू बहा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष और तत्कालीन शिक्षा मंत्री गोविंद डोटासरा सहानुभूति लेना चाहते हैं, जबकि उनके समय में सबसे ज्यादा पेपर लीक हुए तथा शिक्षा मंत्री के रूप में जिनका नाम भी पेपर लीक के अंदर कई प्रकार से आये।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में आए दिन नेटबंदी के बावजूद 17 परीक्षाओं के पेपर लीक हुए और 34 से ज्यादा अभ्यर्थियों ने आत्महत्याएं की लेकिन उस समय इन कांग्रेस नेताओं को अभ्यर्थियों और उनके परिजनों की मानसिक स्थिति के बारे में जरा भी ख्याल नहीं आया।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में इन पौने तीन वर्षों में कांग्रेस एक भी जनआंदोलन खड़ा नहीं कर पायी। कांग्रेस इस मुगालते में है कि उनके गुमराह किये जाने पर विद्यार्थी उनके पीछे आकर खड़े हो जायेंगे, लेकिन यहां का विद्यार्थी और नौजवान भी समझता है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय राजस्थान में सर्वाधिक बेरोजगारी दर पूरे देश में दूसरे नंबर पर में थी। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस के षड्यंत्र में कोई आने वाला नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित