दंतेवाड़ा , जुलाई 15 -- छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में बैलाडीला क्षेत्र से अवैध लौह अयस्क के परिवहन के एक संगठित नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

वन विभाग ने बवेली-भांसी मार्ग पर कार्रवाई करते हुए करीब 40 टन उच्च गुणवत्ता वाले ओवरसाइज लौह अयस्क से लदा 10 चक्का ट्रक मंगलवार रात जब्त किया है। जब्त अयस्क की अनुमानित कीमत 3.40 लाख रुपये बताई गई है।

वन विभाग के अनुसार कल देर रात गश्त के दौरान सातधार से बचेली की ओर जा रही टीम को एक ट्रक के आगे-पीछे काले रंग की स्कॉर्पियो और एक स्कूटी संदिग्ध परिस्थितियों में पायलटिंग करते हुए दिखाई दी। घेराबंदी कर ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया लेकिन कार और स्कूटी सवार अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। ट्रक चालक भी मौके से भाग निकला।

जांच में ट्रक से बिना किसी वैध दस्तावेज के 40 टन कौमती ओवरसाइज लौह अयस्क बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि धुरली के जंगल में जेसीबी मशीन की मदद से अवैध रूप से लौह अयस्क निकालकर ट्रक में लोड किया गया था।

वन विभाग की पड़ताल में बैलाडीला से रायपुर तक अवैध लौह अयस्क परिवहन के एक संगठित नेटवर्क के सक्रिय होने के संकेत मिले हैं। जानकारी के अनुसार स्थानीय दलाल धुरली और दो पंडेवार क्षेत्र से ट्रकों में लौह अयस्क भरवाकर उन्हें दंतेवाड़ा जिले की सीमा से बाहर निकलवाते हैं। इसके एवज में प्रति ट्रक 15 हजार रुपये कमीशन लिया जाता है, जबकि रायपुर तक माल पहुंचाने के लिए ट्रक मालिकों से करीब दो हजार रुपये प्रति टन की दर से भाड़ा तय किया जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित