चंडीगढ़ , मई 27 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने बैलगाड़ी पर सवार होकर मतदान करने जाने को लेकर उठे सवालों का जवाब देते हुए कहा कि यह केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ उनका प्रतीकात्मक विरोध था।
मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा उनके बैलगाड़ी पर जाने को लेकर किये गये तंज पर प्रतिक्रिया देते हुए राजा वड़िंग ने बुधवार को कहा कि वह खुद महंगा पेट्रोल-डीजल खरीदने में सक्षम हैं, लेकिन असली सवाल आम लोगों का है। उन्होंने कहा, "मुद्दा यह नहीं कि मैं या मुख्यमंत्री महंगा ईंधन खरीद सकते हैं या नहीं, बल्कि उन लोगों का है जो 10 से 12 हजार रुपये महीना कमाते हैं और बढ़ती कीमतों से परेशान हैं।"राजा वड़िंग ने कहा कि उनका विरोध केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ था। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, "मुझे हैरानी है कि मुख्यमंत्री मान को इससे इतनी परेशानी क्यों हो रही है? क्या वह भाजपा के प्रवक्ता हैं?" उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को उनके प्रतीकात्मक विरोध का समर्थन करना चाहिए था, क्योंकि वह सिर्फ जनहित का मुद्दा उठा रहे थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित