अलवर , अक्टूबर 24 -- राजस्थान में अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार को रैणी पंचायत समिति की बैरेर ग्राम पंचायत में सरपंच पद के चुनाव के दौरान फर्जी मतदान के आरोपों को लेकर तनाव की स्थिति बन गयी।
सरपंच प्रत्याशी राजेंद्र प्रसाद मीणा अपने समर्थकों के साथ मतदान केंद्र के बाहर धरने पर बैठ गये। उन्होंने मतदान में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी, फर्जी मतदान और पैसे लेकर मतदान कराने के गंभीर आरोप लगाये हैं। उन्होंने चुनाव रद्द करके निष्पक्ष तरीके से दोबारा मतदान कराने की मांग की है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मतदान केंद्र पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और पुलिसकर्मी ने गाली-गलौज की। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने, माफी मांगने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
श्री मीणा और ग्रामीणों का दावा है कि दिल्ली से मतदान करने आये एक व्यक्ति को मतदान केंद्र पर पता चला कि उसका मत पहले ही डाला जा चुका है। ग्रामीणों ने इसे फर्जी मतदान का मामला बताते हुए अन्य मतों में भी गड़बड़ी होने की आशंका जतायी है। प्रत्याशी का आरोप है कि मतदान केंद्र पर उनके साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार किया गया और उन्हें अंदर जाने से रोका गया, जबकि अन्य उम्मीदवारों को लेकर ऐसी रोक-टोक नहीं की गयी। इन आरोपों के बीच प्रत्याशी और उनके समर्थकों ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए पुनर्मतदान की मांग तेज कर दी है।
मामले की सूचना मिलने पर तहसीलदार, क्षेत्रीय मजिस्ट्रेट, पुलिस दल सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। धरने पर सैकड़ों समर्थकों के मौजूद होने की सूचना है। राजेंद्र मीणा और ग्रामीणों ने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन जारी रखने और आत्मदाह तक करने की चेतावनी दी है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित