एमसीबी , मार्च 12 -- छत्तीसगढ में मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को पटरी पर लाने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ी पहल की है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के बैम्बू डिपो में खड़ी-खड़ी खराब हो रही सिटी बसों को फिर से चलाने का निर्णय लिया गया है। विभाग ने इन बसों के पुनः संचालन के लिए आवश्यक प्रक्रिया तेज कर दी है।
जिला जन संपर्क अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। अधिकारी के अनुसार, जेएनएनयूआरएम योजना के तहत कोरिया अरबन पब्लिक ट्रांसपोर्ट सोसायटी द्वारा सात सिटी बसों का संचालन किया जा रहा था। इन बसों को चलाने के लिए 27 जून 2015 को पॉपुलर बस सर्विस, अंबिकापुर के साथ 10 वर्षों का अनुबंध किया गया था। यह अनुबंध 27 जून 2025 को समाप्त हो गया, जिसके बाद सभी सातों बसों को नगर निगम के डिपो में सुरक्षित रख दिया गया था। लंबे समय से ये बसें बिना उपयोग के पड़ी थीं, जिससे शहरवासियों को सार्वजनिक परिवहन से वंचित रहना पड़ रहा था।
इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने अब बसों के संचालन को बहाल करने का फैसला किया है। बसों को फिर से सड़कों पर उतारने के लिए उनके संधारण और मरम्मत का प्राक्कलन तैयार कर लिया गया है। करीब 27.32 लाख रुपये की लागत से इन बसों की मरम्मत और आवश्यक तकनीकी सुधार किए जाएंगे। इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर मुख्य कार्यपालन अधिकारी को भेज दिया गया है।
वहीं, बसों के संचालन के लिए नई निविदा आमंत्रित करने की प्रक्रिया भी शासन स्तर पर शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही ये बसें शहर की सड़कों पर दौड़ती नजर आएंगी। सिटी बस सेवा शुरू होने से शहरवासियों को न सिर्फ सुलभ, सुरक्षित और किफायती सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी, बल्कि शहर की नगरीय परिवहन व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। लंबे इंतजार के बाद अब आम लोगों को परिवहन की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित