बैतूल , मई 4 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में रिटायर्ड सीआरपीएफ जवान बाबूराव सातनकर की हत्या के मामले में न्याय की मांग तेज हो गई है। सोमवार को मृतक के परिजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

मृतक की पत्नी दुर्गा सातनकर सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने आरोप लगाया कि मामले में अब तक पूरी कार्रवाई नहीं हुई है और कुछ आरोपी अभी भी फरार हैं। उन्होंने यह भी कहा कि घटना की जानकारी होने के बावजूद पुलिस ने समय पर हस्तक्षेप नहीं किया।

परिजनों के अनुसार 17 अप्रैल 2026 को ग्राम बरसाली में बाबूराव सातनकर अपने खेत पर गेहूं की फसल काट रहे थे, तभी कुछ लोगों ने लाठी-डंडों और पाइप से उन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। परिजनों का आरोप है कि 112 पर सूचना देने के बावजूद समय पर पुलिस सहायता नहीं पहुंची।

पुलिस ने इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा तलाश जारी है। जांच में जमीन विवाद को घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। दोनों पक्षों के बीच खेत की मेढ़ को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था, जो अंततः हिंसक रूप में सामने आया।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित