बैतूल , अप्रैल 19 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में एक मार्मिक घटना सामने आई है, जहां भाजपा प्रदेशाध्यक्ष और विधायक हेमंत खंडेलवाल ने एक शोकाकुल मां की अंतिम इच्छा पूरी करते हुए उसके बेटे की पार्थिव देह को बैतूल से नेपाल तक पहुंचाने की व्यवस्था कर मानवता की मिसाल पेश की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नेपाल के कंचनपुर जिले के भीमदत्त नगर पालिका निवासी 29 वर्षीय रमेश दमाई 16 अप्रैल को एक हादसे का शिकार हो गए। वह अपने परिवार के साथ यात्रा के दौरान बैतूल जिले के गंज थाना क्षेत्र में बाजपुर-मलकापुर के पास चलती ट्रेन से गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद स्थानीय स्तर पर अंतिम संस्कार बैतूल में करने का सुझाव दिया गया, लेकिन मृतक की मां अपने बेटे का अंतिम संस्कार नेपाल में ही करना चाहती थीं। आर्थिक तंगी के कारण यह संभव नहीं हो पा रहा था। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता के माध्यम से जानकारी मिलने पर विधायक हेमंत खंडेलवाल ने तत्काल मदद का निर्णय लिया।

उन्होंने एम्बुलेंस की व्यवस्था कर लगभग 1800 किलोमीटर दूर नेपाल तक पार्थिव देह को सुरक्षित पहुंचाने का पूरा खर्च स्वयं वहन किया। शनिवार शाम एम्बुलेंस शव लेकर नेपाल के लिए रवाना हो गई, जिससे मृतक की मां की अंतिम इच्छा पूरी हो सकी।

उल्लेखनीय है कि हेमंत खंडेलवाल द्वारा "विजय सेवा न्यास" के माध्यम से 'शांति वाहन' सेवा का संचालन किया जा रहा है, जिसके तहत जरूरतमंद परिवारों को नि:शुल्क पार्थिव देह घर तक पहुंचाने की सुविधा दी जाती है। यह सेवा जिले में लंबे समय से निरंतर जारी है। इस पहल को मानवीय संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित