बैतूल , सितंबर 17 -- मध्यप्रदेश के बैतूल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत गुरुवार को जिलेभर में 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम से हुई। इस दौरान केंद्र प्रवर्तित योजनाओं के हितग्राहियों, विद्यार्थियों और नागरिकों की सहभागिता से जिले में 9 लाख 77 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए।

जिला मुख्यालय के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में एक लाख दीप जलाए गए। केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उईके, जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर, अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य मंगल सिंह धुर्वे, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए।

श्री उईके ने कहा कि दीप प्रज्ज्वलन के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प के लिए प्रार्थना की गई। उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न समुदायों और सामाजिक संगठनों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

श्री नागर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत गांव-गांव सेवा गतिविधियों से लोगों को जोड़ा जा रहा है। अभियान में रक्तदान, सेवा गतिविधियों और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मुलताई के मां ताप्ती उद्गम स्थल पर करीब 50 हजार दीप जलाए गए। इसके अलावा आमला, आठनेर, भैंसदेही, भीमपुर, चिचोली, घोड़ाडोंगरी, प्रभात पट्टन और शाहपुर सहित नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक और सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए। कलेक्टर ने बताया कि जिले के लिए चार नई एंबुलेंस, सारणी में 54 लाख रुपये की केज कल्चर परियोजना और कुकुरू में बकरी पालन परियोजना को स्वीकृति मिली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित