बैतूल , अक्टूबर 26 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में यातायात व्यवस्था सुधारने और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 89 करोड़ 3 लाख रुपये की लागत से 38.66 किलोमीटर लंबी नौ सड़कों और एक पुल का निर्माण किया जाएगा। इन विकास कार्यों की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब भूमिपूजन के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

जिला मुख्यालय के बडोरा क्षेत्र में कृषि उपज मंडी के कारण लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए भोपाल-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के तितली चौराहे से बडोरा मंडी तक वैकल्पिक मार्ग बनाया जाएगा। करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर 6 करोड़ 91 लाख रुपये खर्च होंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल की पहल पर मार्ग को स्वीकृति मिली है। इसके लिए किसानों को जमीन देने के लिए सहमत करने के प्रयास भी किए गए हैं। मार्ग बनने से मंडी में आने वाले भारी वाहनों के कारण लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

बैतूल विधानसभा क्षेत्र में आठनेर विकासखंड के मांडवी बस स्टैंड से गुनखेड़ और बैतूल विकासखंड के खेड़ी-सेलगांव-सूरगांव-बैतूल बाजार मार्ग का निर्माण किया जाएगा। घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र में तीन सड़कों के साथ तवा नदी पर एक उच्च स्तरीय पुल बनाया जाएगा। इसके अलावा मुलताई और भैंसदेही विधानसभा क्षेत्रों में भी सड़क निर्माण के कार्य किए जाएंगे।

प्रशासन के अनुसार, सड़कों का निर्माण मिक्स मटेरियल तकनीक से होगा। अधिकांश हिस्सों में डामर का उपयोग किया जाएगा, जबकि आवश्यकतानुसार कुछ स्थानों पर सीमेंट कांक्रीट की सड़कें बनाई जाएंगी। इन निर्माण कार्यों से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने और यात्रा में लगने वाले समय में कमी आने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित