बैतूल , मई 17 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में शनिवार रात 3.9 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे मुलताई, पांढुर्णा और आसपास के क्षेत्रों में लोगों में दहशत फैल गई।

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार भूकंप रात 9 बजकर 31 मिनट 2 सेकंड पर दर्ज किया गया। इसका केंद्र बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र स्थित मानीखापा गांव के पास था। भूकंप की गहराई जमीन से लगभग 10 किलोमीटर नीचे बताई गई है।

जानकारी के अनुसार भूकंप का केंद्र पचमढ़ी से लगभग 68 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पूर्व दिशा में स्थित था। कम गहराई के कारण कंपन अधिक महसूस किया गया। मुलताई में कई लोगों ने घरों के गेट, खिड़कियां और दरवाजे हिलते हुए महसूस किए। स्थानीय लोगों के अनुसार झटकों के बाद लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और देर तक खुले स्थानों पर खड़े रहे। भकंप के झटके पांढुर्णा और आसपास के क्षेत्रों में भी महसूस किए गए। लोगों ने एक-दूसरे को फोन कर जानकारी ली और सतर्कता बरती।

प्रशासन ने फिलहाल किसी प्रकार की जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना से इनकार किया है। लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और सतर्क रहने की अपील की गई है। विशेषज्ञों के अनुसार मुख्य भूकंप के बाद आफ्टरशॉक्स की संभावना बनी रहती है। इसके मद्देनजर लोगों को जर्जर भवनों से दूर रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित