बैतूल , अक्टूबर 30 -- बैतूल जिले में अवैध शराब के निर्माण और भंडारण के खिलाफ आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने पांच गांवों में छापेमारी कर जमीन में गड्ढे खोदकर छिपाया गया 2120 किलोग्राम महुआ लाहन और 30 लीटर हाथभट्टी शराब जब्त की है। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत दो लाख 16 हजार 500 रुपये बताई गई है।
कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवाने और जिला आबकारी अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह चढ़ार के निर्देश पर सहायक जिला आबकारी अधिकारी लीला सिंह मुकाती के नेतृत्व में मुलताई और आमला वृत्त की संयुक्त टीम ने बोरगांव, बामनवाड़ा, मदनीबारसी, केहलपुर और टांडी गांवों में एक साथ दबिश दी। कार्रवाई के दौरान नदी किनारे जमीन में गड्ढे खोदकर छिपाया गया महुआ लाहन बरामद किया गया। विभाग के अनुसार इसका उपयोग अवैध शराब बनाने के लिए किया जाना था। टीम ने लाहन को मौके पर ही नष्ट करने की कार्रवाई की।
इस मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल आठ प्रकरण दर्ज किए गए हैं। अभियान में मुलताई वृत्त की प्रभारी उपनिरीक्षक पूजा मालवीय, आमला वृत्त की प्रभारी उपनिरीक्षक जुथिका वर्मा, उपनिरीक्षक पंकज लोखंडे सहित आबकारी बल, बोरदेही थाना पुलिस और होमगार्ड के जवान शामिल रहे। आबकारी विभाग के अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित