बैतूल , अप्रैल 26 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिला मुख्यालय स्थित पुलिस ग्राउंड में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत 200 जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। शहनाइयों, वैदिक मंत्रोच्चारण और मंगल गीतों के बीच नवदंपत्तियों ने सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया।
आकर्षक रूप से सजी वेदियों पर वैदिक रीति-रिवाजों के साथ जनजातीय परंपराओं के अनुसार विवाह संस्कार सम्पन्न कराए गए। गाजे-बाजे के साथ निकली बारात का जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। आयोजन में पारंपरिक संस्कृति और सामाजिक एकता की झलक देखने को मिली।
समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल तथा आमला विधायक योगेश पंडाग्रे सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथियों ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग देने और सादगीपूर्ण विवाह को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने इसे सामाजिक समरसता और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने वाला कदम बताया।
आयोजन में भोजन और पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई थी। गर्मी को देखते हुए टेंट, कूलर और शीतल पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई तथा खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा भोजन की गुणवत्ता की निगरानी की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित