बैतूल , जुलाई 30 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के बिरुल बाजार क्षेत्र में गुरुवार को 11 केवी विद्युत लाइन का तार टूटकर खेत में बनी झोपड़ी पर गिरने से करंट की चपेट में आकर दो मवेशियों की मौत हो गई। हादसे में झोपड़ी और समीप स्थित मकान को भी नुकसान पहुंचा। घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे और जर्जर विद्युत लाइनों के सुधार की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बिरुल बाजार के गुदगांव रोड स्थित किसान श्याम भंडारे के खेत में अचानक ओवरहेड 11 केवी बिजली लाइन का तार टूटकर झोपड़ी पर गिर गया। उस समय झोपड़ी के पास बंधे दो मवेशी करंट की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। विद्युत प्रवाह के कारण झोपड़ी को भी नुकसान पहुंचा तथा समीप स्थित मकान का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बिजली विभाग को सूचना देकर तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई, जिसके बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया। घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन किसान को पशुधन और संपत्ति का नुकसान हुआ है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से बिजली लाइनें और खंभे जर्जर हालत में हैं। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद विभाग ने रखरखाव और मरम्मत की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि समय रहते तारों की जांच और आवश्यक सुधार कार्य किया जाता तो यह दुर्घटना टाली जा सकती थी।

पीड़ित किसान श्याम भंडारे ने प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तथा मृत मवेशियों और क्षतिग्रस्त संपत्ति का उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी पूरे क्षेत्र की विद्युत लाइनों का तकनीकी निरीक्षण कर जर्जर तारों और खंभों को शीघ्र बदलने की मांग उठाई है।

फिलहाल प्रशासन और बिजली विभाग घटना की जानकारी एकत्र कर रहे हैं। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई के साथ भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी उपाय किए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित