बैतूल , अगस्त 04 -- मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 09 से 17 अगस्त तक 'हर घर तिरंगा' अभियान व्यापक जनभागीदारी के साथ चलाया जाएगा। अभियान के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रभक्ति की भावना और नागरिक सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए जिलेभर में सांस्कृतिक, सामाजिक और जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिला प्रशासन के अनुसार अभियान के तहत तिरंगा प्रदर्शनी, तिरंगा रंगोली, कला प्रदर्शनियां, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक, तिरंगा संगीत कार्यक्रम, तिरंगा यात्रा, बाइक एवं साइकिल रैली, मानव श्रृंखला, तिरंगा मेला तथा राष्ट्रीय ध्वज विक्रय जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्थानीय स्व-सहायता समूहों और उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से खादी एवं पॉलिएस्टर के राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध कराए जाएंगे।
प्रशासन नागरिकों को तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर 'हर घर तिरंगा' पोर्टल पर अपलोड करने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान से जुड़ने के लिए भी प्रेरित करेगा।
इस वर्ष राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। शासकीय कार्यक्रमों, शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक आयोजनों में पहले 'वंदे मातरम्' तथा उसके बाद राष्ट्रगान 'जन गण मन' का सामूहिक गायन कराया जाएगा।
इसके अलावा 14 अगस्त को 'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' भी गरिमापूर्ण ढंग से मनाया जाएगा। इस अवसर पर मौन जुलूस, शांति मार्च, श्रद्धांजलि सभाएं तथा विभाजन की ऐतिहासिक घटनाओं और विस्थापितों के संघर्ष पर आधारित चित्र एवं अभिलेख प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी। विभाजन प्रभावित परिवारों अथवा उनके प्रतिनिधियों को भी कार्यक्रमों में आमंत्रित किया जाएगा।
कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने सभी विभागों के अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस तथा 'हर घर तिरंगा' अभियान से जुड़े सभी कार्यक्रमों की समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करने और उनका गरिमामय एवं सफल आयोजन कराने के निर्देश दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित