बैतूल , जुलाई 15 -- मध्यप्रदेश पुलिस के 'नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0' जनजागरूकता अभियान का मंगलवार को बैतूल जिला मुख्यालय में शुभारंभ हुआ। अभियान के पहले दिन पुलिस ग्राउंड से जागरूकता रैली निकाली गई, जिसे पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी, खिलाड़ी, मीडिया प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। रैली पुलिस ग्राउंड से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। इस दौरान प्रतिभागियों ने 'नशे से दूरी है ज़रूरी' और 'से नो टू ड्रग्स' जैसे नारों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम, डीएसपी (अजाक) शैफा हाशमी, रक्षित निरीक्षक दिनेश मार्सकोले, निरीक्षक आबिद अंसारी, कोतवाली थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया, गंज थाना प्रभारी नीरज पाल, उपनिरीक्षक नवीन सोनकर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए गंभीर चुनौती है तथा इससे बचाव के लिए जनजागरूकता और सामूहिक सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने युवाओं, अभिभावकों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से अभियान से जुड़कर नशा-मुक्त बैतूल के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।
पुलिस के अनुसार, यह अभियान 15 से 30 जुलाई तक जिलेभर में संचालित किया जाएगा। इस दौरान विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों और विभिन्न संस्थानों में जागरूकता रैली, शपथ ग्रहण, व्याख्यान, प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक तथा जनसंवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित